स्वास्थ्य, कृषि, जैव प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप की दुनिया में युवाओं के लिए उभरता सबसे संभावनाशील करियर
जयपुर, भारत, 16 सितंबर, 2026 /PRNewswire/ -- 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम आने के साथ ही देशभर के लाखों छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के सामने सबसे बड़ा सवाल होता है-अब आगे क्या? अधिकांश विद्यार्थी मेडिकल, इंजीनियरिंग, फार्मेसी या कंप्यूटर साइंस जैसे पारंपरिक क्षेत्रों की ओर रुख करते हैं। लेकिन बदलती दुनिया में एक ऐसा विषय तेजी से उभर रहा है, जो न केवल बेहतर करियर देता है, बल्कि समाज और देश के भविष्य को भी दिशा देता है। यह विषय है-माइक्रोबायोलॉजी (सूक्ष्मजीव विज्ञान)।
सूक्ष्मजीवः अदृश्य, लेकिन जीवन के आधार:-
आज स्वास्थ्य, कृषि, जैव प्रौद्योगिकी, खाद्य सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में माइक्रोबायोलॉजी विशेषज्ञों की मांग लगातार बढ़ रही है। यही कारण है कि यह विषय अब केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि रोजगार, अनुसंधान और उद्यमिता का मजबूत आधार बन चुका है। माइक्रोबायोलॉजी में बैक्टीरिया, वायरस, फफूंद, शैवाल और प्रोटोजोआ जैसे सूक्ष्मजीवों का अध्ययन किया जाता है। ये जीव हमारी आंखों से दिखाई नहीं देते, लेकिन मानव जीवन और प्रकृति के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। एंटीबायोटिक, वैक्सीन, प्रोबायोटिक्स, कॉस्मेटिक्स, दही, पनीर, ब्रेड जैसे किण्वित खाद्य पदार्थ, औद्योगिक एंजाइम, जैव उर्वरक और जैव ईंधन के निर्माण में इनका उपयोग होता है। यही नहीं, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, गंदे पानी के शोधन, कचरे के जैविक निस्तारण और टिकाऊ कृषि प्रणाली में भी इनकी अहम भूमिका होती है।
कोविड-19 ने दुनिया को समझाई माइक्रोबायोलॉजी की ताकत:-
दूसरे शब्दों में कहें तो हमारी रोजमर्रा की जिंदगी में कई ऐसी सुविधाएं हैं, जिनकी नींव माइक्रोबायोलॉजी पर टिकी है। कोविड-19 महामारी के दौरान पूरी दुनिया ने देखा कि माइक्रोबायोलॉजिस्ट कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संक्रमण की पहचान, वायरस की जांच, वैक्सीन का विकास और सार्वजनिक स्वास्थ्य की निगरानी में इन्हीं वैज्ञानिकों ने अग्रिम पंक्ति में रहकर काम किया।
आज दुनिया एक और गंभीर चुनौती का सामना कर रही है-एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर)। इसका मतलब है कि कई बैक्टीरिया अब एंटीबायोटिक दवाओं के प्रति प्रतिरोधी बनते जा रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) इसे वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य के सबसे बड़े खतरों में शामिल करता है। भारत में भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) भी इस दिशा में लगातार काम कर रही है। ऐसे समय में प्रशिक्षित माइक्रोबायोलॉजिस्ट की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।
12वीं के बाद उज्ज्वल भविष्य:-
विज्ञान वर्ग (पीसीबी) के विद्यार्थी 12वीं के बाद बीएससी माइक्रोबायोलॉजी या बीएससी (ऑनर्स) माइक्रोबायोलॉजी में प्रवेश लेकर इस क्षेत्र में करियर की शुरुआत कर सकते हैं। इसके बाद एमएससी, पीएचडी और पोस्ट-डॉक्टोरल रिसर्च के माध्यम से उच्च शिक्षा प्राप्त की जा सकती है।
माइक्रोबायोलॉजी एक स्किल-बेस्ड विषय है, जिसमें सूक्ष्मजीवों (माइक्रोऑर्गेनिज्म) को सुरक्षित और प्रभावी ढंग से संभालने, उन्हें विकसित करने और उनका विश्लेषण करने के लिए अच्छी तरह से विकसित प्रयोगशाला इंफ्रास्ट्रक्चर और एडवांस्ड उपकरणों की जरूरत होती है। इसलिए, छात्रों को ऐसे संस्थान का सावधानीपूर्वक चयन करना चाहिए जो उनके शैक्षणिक और व्यावसायिक विकास में मदद के लिए पर्याप्त प्रयोगशाला सुविधाएं, आधुनिक उपकरण और गुणवत्तापूर्ण प्रैक्टिकल ट्रेनिंग प्रदान करता हो। आज माइक्रोबायोलॉजी के अंतर्गत मेडिकल माइक्रोबायोलॉजी, मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स, इंडस्ट्रियल माइक्रोबायोलॉजी, फूड माइक्रोबायोलॉजी, डेयरी माइक्रोबायोलॉजी, एग्रीकल्चर माइक्रोबायोलॉजी, एनवायरमेंटल माइक्रोबायोलॉजी, जीनोमिक्स, सिंथेटिक बायोलॉजी जैसे आधुनिक क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल की जा सकती है।
भारत की बायोइकोनॉमी में माइक्रोबायोलॉजी की बढ़ती भूमिका:-
भारतीय बायोइकोनॉमी में माइक्रोबायोलॉजी की भूमिका तेजी से बढ़ रही है। जैव प्रौद्योगिकी विभाग (डीबीटी) के अनुसार वर्ष 2030 तक भारत की बायोइकोनॉमी लगभग 300 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने की क्षमता रखती है। वैक्सीन निर्माण, मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स, खाद्य सुरक्षा परीक्षण, कृषि माइक्रोबायोलॉजी, औद्योगिक फर्मेंटेशन, प्रोबायोटिक्स और एनवायरमेंटल माइक्रोबायोलॉजी जैसे क्षेत्रों में तेजी से विस्तार हो रहा है। ऐसे में योग्य माइक्रोबायोलॉजिस्ट की मांग देश ही नहीं, विदेशों में भी लगातार बढ़ रही है।
रोजगार के असीम अवसर:-
माइक्रोबायोलॉजी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें करियर के विकल्प बहुत व्यापक हैं। विद्यार्थी क्लीनिकल माइक्रोबायोलॉजिस्ट, रिसर्च साइंटिस्ट, क्वालिटी कंट्रोल ऑफिसर, फूड सेफ्टी एनालिस्ट, मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स विशेषज्ञ, फर्मेंटेशन साइंटिस्ट, एनवायरमेटं एक्सपर्ट, कृषि माइक्रोबायोलॉजिस्ट और शिक्षक के रूप में अपना भविष्य बना सकते हैं। रोजगार के अवसर फार्मास्यूटिकल कंपनियों माइक्रोबायोलॉजी इंडस्ट्री, अस्पतालों खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों डायग्नोस्टिक लैब, अनुसंधान संस्थानों विश्वविद्यालयों और सरकारी विभागों में उपलब्ध हैं।
सरकारी सेवाओं में भी सुनहरे अवसर:-
यदि आपका लक्ष्य सरकारी सेवा है, तो माइक्रोबायोलॉजी इस दिशा में भी मजबूत विकल्प साबित हो सकती है। आईसीएमआर, सीएसआईआर, आईसीएआर, डीआरडीओ, एफएसएसएआई, एआईआईएमएस तथा राज्य और केंद्र सरकार के सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों में माइक्रोबायोलॉजिस्ट के लिए समय-समय पर अवसर निकलते रहते हैं। वहीं सीएसआईआर, यूजीसी नेट और गेट जैसी परीक्षाओं के माध्यम से शोध और शिक्षण के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट करियर बनाया जा सकता है।
गांव के युवाओं के लिए उद्यमिता का नया रास्ता:-
माइक्रोबायोलॉजी केवल नौकरी तक सीमित नहीं है। ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के युवाओं के लिए यह स्वरोजगार का भी प्रभावी माध्यम बन रही है। माइक्रोबायोलॉजी स्नातक खाद्य एवं जल परीक्षण प्रयोगशाला, क्लीनिकल डायग्नोस्टिक सेंटर, मशरूम उत्पादन इकाई, जैव उर्वरक एवं जैव कीटनाशक निर्माण, प्रोबायोटिक्स और किण्वित खाद्य उत्पाद, हर्बल उत्पाद निर्माण तथा वैज्ञानिक परामर्श जैसी सेवाएं शुरू कर सकते हैं।
सरकार की स्टार्टअप इंडिया, बीआईआरएसी और बायो ई3 जैसी योजनाएं माइक्रोबायोलॉजी आधारित स्टार्टअप को आर्थिक सहायता, तकनीकी मार्गदर्शन और इन्क्यूबेशन सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं। इससे छोटे शहरों और गांवों में भी रोजगार और नवाचार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। माइक्रोबायोलॉजी केवल रोजगार दिलाने वाला विषय नहीं, बल्कि समाज की वास्तविक समस्याओं का समाधान खोजने वाला विज्ञान है।
समाज और पर्यावरण के लिए समर्पित विज्ञान:-
सुरक्षित भोजन, स्वच्छ पेयजल, नई दवाओं का विकास, संक्रामक रोगों की रोकथाम, फसलों की उत्पादकता बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में माइक्रोबायोलॉजिस्ट प्रत्यक्ष योगदान देते हैं। उनके शोध और नवाचार का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचता है।
गांव से वैश्विक मंच तक:-
आज का दौर ज्ञान और कौशल का दौर है। यदि किसी गांव का विद्यार्थी मेहनत, सही मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आगे बढ़े, तो वह विश्वस्तरीय अनुसंधान संस्थानों में वैज्ञानिक बन सकता है, अपने जिले में सफल उद्यमी बन सकता है या वैश्विक स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान दे सकता है। माइक्रोबायोलॉजी इस सपने को साकार करने वाला ऐसा माध्यम है, जो स्थानीय प्रतिभा को वैश्विक पहचान दिला सकता है। आज जब दुनिया विज्ञान, नवाचार और औद्योगिक क्रांति की ओर तेजी से बढ़ रही है, तब युवाओं के लिए करियर चुनते समय केवल पारंपरिक विकल्पों तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है। माइक्रोबायोलॉजी ऐसा विषय है जो रोजगार, शोध, स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में समान रूप से अवसर प्रदान करता है। यह विज्ञान छात्रों की जिज्ञासा को नवाचार में, शिक्षा को सार्थक करियर में और गांव की प्रतिभा को वैश्विक मंच तक पहुंचाने की क्षमता रखता है। आने वाले वर्षों में भारत की जैव-अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और कृषि विकास में माइक्रोबायोलॉजी की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होगी। ऐसे में यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि माइक्रोबायोलॉजी केवल एक विषय नहीं, बल्कि भारत के वैज्ञानिक भविष्य की मजबूत नींव है।
प्रोफेसर (डाॅ.) जी.के.आसेरी
प्रो वाइस चांसलर, एमिटी यूनिवर्सिटी राजस्थान
डायरेक्टर, एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ माइक्रोबियल टेक्नोलॉजी (एआईएमटी)
प्रोफेसर गौरव कुमार
एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ माइक्रोबियल टेक्नोलॉजी (एआईएमटी)
एमिटी यूनिवर्सिटी राजस्थान
Share this article